गाजियाबाद-कानपुर के बीच घटना को दिया गया अंजाम
- फोटो : अमर उजाला
नई दिल्ली-मंडुवाडीह सुपरफास्ट एक्सप्रेस में रविवार को पार्सल बोगी को काटकर चोरों ने लाखों का सामान उड़ा दिया। लगभग आठ से दस लाख रुपये की चोरी की संभावना जताई जा रही है। गाजियाबाद-कानपुर के बीच घटना को अंजाम देने की बात हो रही है।
हर रोज की तरह नई दिल्ली-मंडुवाडीह सुपरफास्ट एक्सप्रेस रविवार की दोपहर मंडुवाडीह रेलवे स्टेशन पहुंची। उसके पार्सल पर लगी सील और बोगी सबकुछ सामान्य नजर आ रहा था। जब कर्मचारियों ने बोगी खोला तो उनके आश्चर्य का ठिकाना नही रहा।
सारा सामान अस्त व्यवस्त था। लोगों को समझ नही आ रहा था कि चोरी हुई तो कैसे? बारीकी से देखने पर पता चला कि बोगी का एक हिस्सा नट-बोल्ट की सहायता से कसा हुआ था। बोगी की दीवार के उस तरफ महिला बोगी है।
जानकार सूत्रों की मानें तो महिला बोगी की ओर से इसको काटा गया और फिर चोरी करने के बाद बड़ी सफाई के साथ इसको नट बोल्ट से कस दिया गया। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो काम इतनी सफाई से हुआ है कि नट बोल्ट से जुड़ा बोगी का हिस्सा और सामान्य हिस्से में फर्क करना मुश्किल है।
आरपीएफ कंपनी कमांडर दीमाक सिंह ने बताया कि अभी पार्सल के मूल्य का आकलन नही हो पाया है और ना ही कोई शिकायत मिली है। बावजूद इसके हम अपनी तरफ से जांच कराएंगे और रिपोर्ट बनाकर मुख्यालय को भेजेंगे।