वाराणसी में आपराधिक प्रवृत्ति के तत्वों के बीच पुलिस और कानून का भय नहीं रह गया है। इसकी बानगी बुधवार की भोर में भेलूपुर थाना क्षेत्र के सरायनंदन क्षेत्र के आशुतोष नगर स्थित रिटायर्ड डिप्टी एसपी गोरखनाथ सिंह के घर में देखने को मिली।
कुछ हाथ न लग पाने से गुस्साए चोरों ने रिटायर्ड डिप्टी एसपी के घर में खड़ी उनके बड़े बेटे पत्रकार शिवजी सिंह की बाइक को आग के हवाले कर दिया। सूचना पाकर भेलूपुर थाने की पुलिस सिर्फ मौका मुआयना तक ही सीमित रही।
घटना को लेकर इलाके के लोगों में खासा गुस्सा देखने को मिला। कहना था कि यदि पुलिस गंभीरता से रोजाना क्षेत्र में गश्त करती तो ऐसी नौबत नहीं आती। रिटायर्ड डिप्टी एसपी गोरखनाथ सिंह बुधवार की भोर में साढ़े चार बजे के लगभग अपने घर में ब्रश कर रहे थे।
इसी दौरान दो चोर चहारदीवारी को फांद कर घर में घुसे। जब ताला बंद होने के कारण चोर घर के भीतर नहीं घुस सके तो दरवाजे के समीप खड़ी उनके बड़े बेटे के बाइक में आग लगा कर भाग निकले। आग की लपटों को विकराल होता देख रिटायर्ड डिप्टी एसपी ने घर का पंप चालू कर किसी तरह से उस पर काबू पाया।
बता दें कि इससे पहले भी बीते मई महीने के आखिरी में रिटायर्ड डिप्टी एसपी के घर में चोर घुसे थे और मोबाइल, नगदी सहित अन्य कीमती सामान चुरा कर भाग गए थे। सूचना पाकर तब भी भेलूपुर पुलिस आई थी और मौका मुआयना करने से ज्यादा कुछ खास न कर सकी।