राष्ट्रीय राजमार्ग दो पर मेहदीगंज में बुधवार की भोर पीछे से आ रही एक मारुति कार सड़क किनारे खड़े ट्रक में घुस गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखचे उड़ गए। कार चालक गाजीपुर के नंदगंज के महेंद्र यादव (40) और इटावा के कटरा शमशेर खान निवासी व्यवसायी विनोद अग्रवाल (55) की मौके पर ही मौत हो गई। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची मिर्जामुराद पुलिस ने गैस कटर के सहारे कार को काटकर दोनों शव निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
इटावा के व्यवसायी विनोद अग्रवाल व्यावसायिक कार्यों के सिलसिले में अपनी कार से चालक महेंद्र के साथ वाराणसी आ रहे थे। एनएच-टू पर मेहदीगंज पहुंचने के बाद तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े ट्रक में घुस गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि शोर सुनकर आसपास के लोग जाग गए। मिर्जामुराद पुलिस की सूचना पर विनोद के रिश्तेदार संदीप मौके पर पहुंचे। उन्होंने शव की शिनाख्त की। विनोद का एक बेटा और चार बेटियां हैं। विनोद की प्लास्टिक की पाइप की फैक्ट्री है। मौके पर जुटे लोगों का कहना था कि कार चालक को झपकी आने से यह हादसा हुआ। वहीं, हादसे से घबराकर ट्रक का चालक भाग निकला।