आरोपी प्रमोद कुमार सिंह (फाइल फोटो)
केंद्र सरकार में उद्योग मंत्रालय में तैनात वरिष्ठ आईएएस रवि कपूर के नाम पर अफसरों से ठगी करने वाले जौनपुर निवासी प्रमोद कुमार सिंह को क्राइम ब्रांच ने गुरुवार को शिवपुर के ताड़ीखाना के पास से गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से मोबाइल बरामद किया गया है। इसी मोबाइल से वह अफसरों को फोन करता था। उसने अपने मोबाइल नंबर को ट्रू कॉलर पर रवि कपूर के नाम से सेव किया था। इसके चलते अफसर उसके झांसे में आ जाते थे।
24 दिसंबर 2015 को एसडीएम बस्ती के पास 9450316678 नंबर से फोन आया था। फोन करने वाले ठग ने खुद को उद्योग मंत्रालय के विभाग में तैनात वरिष्ठ आईएएस रवि कपूर बताया। उसने एसडीएम से अपने खाते में कुछ पैसे डालने का दबाव बनाया। ट्रू कॉलर में रवि कपूर का नाम आने पर एसडीएम भी गफलत में पड़ गए। बाद में शक होने पर उन्होंने इस संबंध में सीधे रवि कपूर से बात की। रवि कपूर ने इस पूरे मामले से अनभिज्ञता जताई। जांच में पता चला कि फोन वाराणसी से आ रहा है। तब आईएएस रवि कपूर ने एसएसपी वाराणसी आकाश कुलहरि से संपर्क किया।
यहां क्राइम ब्रांच की जांच में पता चला कि शिवपुर के बड़ालालपुर स्थित वीडीए कॉलोनी निवासी प्रमोद कुमार सिंह फोन कर रहा है। पुलिस ने गुरुवार को उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने बताया कि नोएडा में वह साफ्टवेयर इंजीनियर था। नौकरी छूटने के बाद से वह शिवपुर स्थित अपने घर रहता था। गिरफ्तारी करने वाली टीम में क्राइम ब्रांच के एसआई ओमनारायण सिंह, अतुल नारायण सिंह, विजय प्रताप सिंह, राकेश कुमार, चौकी इंचार्ज विनोद सिंह शामिल थे।