थाने से महज सौ मीटर की दूरी पर स्थित आभूषण की दूकान से बदमाश शनिवार को करीब चार लाख के गहने लूट ले गए। दोनों बदमाश गहने देखने के बहाने दूकान में घुसे थे। देखने के दौरान वह गहने लेकर भाग निकले। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की लेकिन बदमाशों का कुछ पता नहीं चला।
चौबेपुर बाजार में रामअधार सेठ की आभूषण की दूकान है। दूकान के पिछले हिस्से में वह रहते हैं। दिन में करीब ग्यारह बजे बाइक सवार दो बदमाश उनकी दूकान पर पहुंचे। दोनों ने कान का कुंडल दिखाने को कहा। रामअधार ने गहने के दो डिब्बे निकाल कर काउंटर पर रख दिया। वह दोनों को गहने दिखाने लगे। इसी दौरान अचानक दोनों बदमाश गहने के दोनों डिब्बे लेकर भाग निकले। रामअधार ने उन्हें पकड़ने का प्रयास किया लेकिन बदमाशों ने उन्हें धक्का देकर गिरा दिया और बाइक से भाग निकले।
दूकानदार के मुताबिक बदमाश करीब चार लाख के गहने लूट ले गए हैं। घटना के दौरान रामअधार के बेटे बेचू सेठ घर में थे। ज्यादातर वही दूकान पर बैठते हैं। पुलिस ने जांच पड़ताल की लेकिन बदमाशों का पता नहीं चला। बता दें कि चौबेपुर थाने पर पिछले पांच दिनों से कोई थानेदार नहीं है। राजेश यादव को लाइन हाजिर करने के बाद एसएसपी आकाश कुलहरि ने किसी की तैनाती नहीं की है।