बड़ागांव थाना क्षेत्र के हरहुआ स्थित एक चार पहिया वाहन शोरूम के सामने खडे़ ट्रेलर में बुधवार की दोपहर अचानक आग लग गई। इस दौरान ट्रेलर पर खड़ी एक नई स्कार्पियो भी आग की चपेट से बच नहीं पाई।
आननफानन में इलाकाई लोगों की मदद से आग पर काबू पाया गया। ट्रेलर के ऊपर से गुजरे हाईटेंशन तार से चिंगारी का गिरना आग लगने का कारण बताया गया है।
घटना के चलते हरहुआ में वाराणसी-लखनऊ मार्ग पर आधे घंटे तक अफरातफरी की स्थिति बनी रही।
शोरूम के रिजनल मैनेजर एमके रिजवान ने बताया कि महाराष्ट्र के नासिक से ट्रेलर पर आठ नई स्कार्पियो आई थी। सात स्कार्पियो शोरूम पर उतर गई थी जबकि एक को इलाहाबाद भेजना था।
नो इंट्री लागू होने के कारण ट्रेलर शोरूम के सामने खड़ा था। इसी दौरान दोपहर के समय अचानक ट्रेलर की बैटरी से तेज आवाज आई।
सभी भाग कर बाहर आए तो ट्रेलर का इंजन और दोनों तरफ के चार टायर धूं-धूं कर जल रहे थे। आसपास के लोगों की मदद से किसी तरह से आग पर काबू पाया गया।
आग की चपेट में आकर नई स्कार्पियो का सफेद रंग काला पड़ गया। उधर, घटना की सूचना देने के एक घंटे बाद पहुंची दमकल की गाड़ियों को देख क्षेत्रीय लोग अपना गुस्सा देखा गया।