पुलिस की गिरफ्त में आए अपहरणकर्ता
- फोटो : अमर उजाला
मध्यप्रदेश के गढ़वा से गुरुवार की शाम व्यापारी को अपहृत कर सफारी से सोनभद्र ला रहे पांच अपहरणकर्ताओं को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही उनके चंगुल से विजय पटेल को मुक्त करा लिया है। पुलिस ने पांचों के खिलाफ अपहरण का केस दर्ज कर लिया है।
शुक्रवार को पुलिस लाइन में एसपी आरपी सिंह ने इस मामले का खुलासा किया। एसपी ने बताया कि राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के परही गांव निवासी विजय पटेल परिवार मध्य प्रदेश, सिंगरौली जिले के गढ़वा थाना क्षेत्र के लमसरई गांव में रहते हैं।
विजय जनरल स्टोर और मशीनरी पाट्स की दूकान चलाते हैं। विजय पटेल का रुपयों के लेनदेन को लेकर सोनभद्र के ही कमला सिंह से विवाद चल रहा है। गुरुवार की शाम करीब चार बजे विजय की दूकान पर कमला सिंह के साथ चार लोग सफारी वाहन से पहुंचे।
एक व्यक्ति ने खुद को करमा एसओ बताते हुए विजय को जबरदस्ती अपने वाहन में बैठाकर सोनभद्र के लिए निकल पड़ा। किसी ने इसकी जानकारी 100 नंबर को दे दी। चूंकि बार्डर का इलाका होने के नाते सोनभद्र पुलिस सतर्क हो गई।
जुगैल पुलिस ने चौरा तिराहे के समीप शाम छह बजे ट्रैक्टर-ट्राली सड़क पर खड़ा कर रास्ता रोक दिया। इसी बीच सेमिया की तरफ एक सफारी आते हुई दिखी। इंस्पेक्टर अभय सिंह और टीम सफारी की तला्शी ली तो बीच वाले सीट पर विजय का मुंह बांधकर उसे लेटाया गया था।
एसपी ने बताया अपहरणकार्तओं को पकड़ने वाली टीम को पांच हजार नकद इनाम दिया गया है।