यूपी के आजमगढ़ जिले के एक गांव में सास और बहू के झगड़े को लेकर पिता और पुत्र के बीच मारपीट होने लगी। इसमें दोनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। गांव के लोग मामले में बीच बचाव कर घायलों को अस्पताल ले जाने का प्रबंध कर रहे थे कि पिता की मौत हो गई। जबकि बेटे का इलाज चल रहा। घटना के संबंध में मृत वृद्ध की पत्नी ने अपने बेटे और बहू के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस बहू को गिरफ्तार कर उसका चालान कर दी। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त लाठी भी बरामद कर ली है।
मृत वृद्ध जगपत राम (70) बिलरियागंज थाना क्षेत्र के शांतिपुर पथरपुरवा गांव का निवासी था। जगपत राम की पहली पत्नी की मौत हो चुकी है। उससे दो बेटे रामबचन और रामधनी हैं। इनमें से एक बेटा पंजाब में रहता है जबकि दूसरा गांव में ही अलग मकान बनाकर रहता है।
विज्ञापन
पहली पत्नी की मौत के बाद जगपत ने अपनी पत्नी की छोटी बहन सुशीला देवी से शादी कर ली। उससे एक बेटा रामजतन (40) है। जगपत अपनी पत्नी सुशीला, बेटा रामजतन और बहू सरिता के साथ रहता था। रामजतन महराजगंज बाजार में दुकान चलाता है। शनिवार की देर शाम किसी बात को लेकर सास सुशीला और बहू सरिता के बीच लड़ाई हो गई। इस दौरान जगपत और उसका बेटा रामजतन भी पहुंच गए।
पिता-पुत्र अपनी-अपनी पत्नी के पक्ष में खड़ा होकर मारपीट करने लगे। इस दौरान दोनों के बीच जमकर लाठी-डंडा चला जिसमें दोनों घायल हो गए। घटना के बाद गांव के लोग मौके पर जुटे और बीच बचावकर घायलों को अस्पताल ले जाने का प्रबंध करने लगे। तभी जगपत राम की मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची। घटना के संबंध में सुशीला ने तहरीर देकर अपने बेटे और बहू के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस गैरइरादतन हत्या की धारा में केस दर्ज कर सुशीला को गिरफ्तार कर लिया। एसपी ग्रामीण नरेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि मामूली विवाद में पिता-पुत्र के बीच मारपीट हुई थी।
सिर में चोट लगने से पिता जगपत की मौत हो गई जबकि रामजतन का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा। रामजतन की पत्नी सरिता को गिरफ्तार कर उसका चलान कर दिया गया है।