मलिन बस्ती में दो पक्षों में पत्थरबाजी, चार घायल
मलदहिया मलिन बस्ती में मामूली बात को लेकर रविवार को दो पक्षों में जमकर पत्थरबाजी हुई, जिसमें करीब चार लोग घायल हो गए। शाम करीब तीन बजे शुरू ईट, पत्थर चलने का सिलसिला एक घंटे तक जारी रहा, जिससे आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। सूचना पाक मौके पर पहुंची पुलिस, पीएसी के जवानों ने मोर्चा संभाला, तब जाकर शांत हुआ। मामले में बीस लोग हिरासत में लिए गए।
मलदहिया पटेल प्रतिमा के सामने बसे मलिन बस्ती में करीब 50 से अधिक आवास है। यहां आए दिन लोगों के बीच मामूली बात को लेकर कहासुनी होती रहती है लेकिन रविवार को यह बड़ी घटना हो गई। जानकारी के मुताबिक करीब तीन बजे किसी बात को लेकर दो पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई, बात इतनी बढ़ गई कि मामला हाथापाई तक पहुंच गया। देखते-देखते छतों से पत्थरबाजी शुरू हो गई, क्या महिला-क्या पुरुष सब एक दूसरे पर पत्थर चलाने लगे।
पुलिस जब तक एक ओर पहुंचकर मोर्चा संभालती तब तक दूसरी ओर से पत्थर चलने लगता था। इतने में एएसपी अनुराग आर्य के साथ बड़ी संख्या में पुलिस, पीएसी के जवान पहुंच गए और घरों में तलाशी शुरू की और अलग-अलग घरों से बीस लोगों को हिरासत में लेकर सिगरा थाने भेज दिया। बीच-बीच में भीड़ जुटती देख पुलिस को लाठी पटक कर भगाना पड़ा। घटना के दौरान पत्थरबाजी के साथ ही दो राउंड हवाई फायरिंग की भी चर्चा रही लेकिन पुलिस ने इससे इंकार किया।