बीएचयू परिसर गुरुवार को एक बार फिर अशांत हो उठा। सर सुंदरलाल अस्पताल परिसर में रुइया छात्रावास के शोधछात्र के बाइक खड़ी करने के दौरान प्रॉक्टोरियल बोर्ड के सुरक्षाकर्मियों से शुरू हुई कहासुनी पहले हाथापाई और मारपीट फिर पथराव और तोड़फोड़ में तब्दील हो गई। सुरक्षाकर्मियों की पिटाई से गुस्साए छात्रों ने अस्पताल परिसर से बाहर निकलने के बाद अपने साथियों के साथ कुलपति आवास के बगल स्थित एलडी गेस्ट हाउस में पथराव कर एक कार और एक बाइक क्षतिग्रस्त कर दी।
रोकने पर यहां एकबारगी फिर छात्रोें और सुरक्षाकर्मियों के बीच टकराव हुआ। इसके बाद छात्र रुइया चौराहा पर की गई लोहे की बैरिकेडिंग को गिराकर प्रदर्शन करने लगे। छह थानों की फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे एसएसपी नितिन तिवारी ने कार्रवाई का आश्वासन देकर छात्रों को शांत कराया। इस दौरान सुबह दस से दोपहर एक बजे तक तीन घंटे कुलपति आवास से रुइया चौराहे तक अफरातफरी मची रही। मारपीट और पथराव में आठ छात्र और तीन सुरक्षाकर्मी घायल हुए हैं। लंका थाने में तीन नामजद और 25 अज्ञात सुरक्षा कर्मियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
रुइया छात्रावास में रहने वाले संस्कृत विद्या धर्म विज्ञान संकाय के शोध छात्र सुनील त्रिपाठी ने बताया कि वे अपनी मां इंदुमती को लेकर सुबह 9:30 बजे सर सुंदर लाल अस्पताल पहुंचे थे। कैंसर विभाग में उन्हें दिखाना था। कैंसर विभाग के सामने सड़क किनारे वह अपनी बाइक खड़ी करने लगे तो प्रॉक्टोरियल बोर्ड के सुरक्षाकर्मी मो. मोहताज, भैयालाल और रामअवतार ने मना किया। इस पर सुनील ने कहा कि जब सबकी बाइक खड़ी है तो उनकी क्यों नहीं हो सकती।
आरोप है कि मो. मोहताज ने उनकी बाइक के टायर में सूजा घोंप दिया। विरोध करने पर मो. मोहताज और उसके अन्य साथी सुनील की पिटाई करने लगे और बाइक भी तोड़ दिए। वहां से गुजर रहे रुइया छात्रावास के ही शोध छात्र चक्रपाणि ओझा ने विरोध किया तो सुरक्षा कर्मियों ने उसकी भी पिटाई की। चक्रपाणि की सूचना पर प्रेमप्रकाश, सोनू पाठक, राजकुमार पांडेय, शिवकांत, वैभव उपाध्याय, सुधीर अस्पताल पहुंचे तो उनकी भी पिटाई की गई। इसी दौरान अस्पताल पहुंचे लंका थानाध्यक्ष संजीव कुमार मिश्र ने बीचबचाव किया लेकिन गार्डों की मारपीट नहीं रुकी। मारपीट में उक्त छात्रों के साथ ही तीन सुरक्षाकर्मी ओपी तिवारी, उदय यादव और वंशराज भी घायल हुए हैं।
सुरक्षाकर्मियों के हाथों साथियों के पिटने की खबर पाकर रुइया छात्रावास से छात्र बाहर आए और एलडी गेस्ट हाउस में तोड़फोड़ कर रुइया चौराहा पर प्रदर्शन करने लगे। प्रदर्शन के दौरान पहुंचे एसएसपी नितिन तिवारी और एसपी सिटी राजेश यादव के अलावा सीओ भेलूपुर और लंका, मंडुवाडीह, भेलूपुर, सिगरा, चेतगंज, लक्सा, दशाश्वमेध समेत अन्य थानों की फोर्स पहुंची थी। घायल शोध छात्र चक्रपाणि ओझा की तहरीर पर लंका थाने में सुरक्षाकर्मी रामअवतार, भैयालाल यादव, मो. मोहताज और 25 अज्ञात के खिलाफ बलवा, आपराधिक बल का प्रयोग, मारपीट, धमकी सहित अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज किया गया है। इस बारे में चीफ प्राक्टर ओएन सिंह का कहना है कि पहले छात्र ने गार्ड पर हमला किया था। हालांकि ये त्वरित घटना थी और गलती दोनों तरफ से हुई थी। फिलहाल माहौल पूरी तरह शांत है।