रात में ग्रामीणों ने पुलिस को नहीं उठाने दिया महंत का शव
- फोटो : अमर उजाला
गाजीपुर जिले के इंदौर गांव स्थित रामजानकी कुटी(मंदिर) के महंत की हत्या कर बदमाश रविवार की रात मंदिर में स्थापित भगवान राम, जानकी और लक्ष्मण की अष्टधातु की मूर्तियां लूट ले गए। रात में ही घटना की जानकारी होते ही वहां भीड़ जुट गई और पुलिस को सूचना दी।
छानबीन के बाद पुलिस ने महंत के शव को कब्जे में लेना चाहा तो ग्रामीण विरोध में उतर आए। वे डीएम और एसपी को मौके पर बुलाने की मांग कर रहे थे। सोमवार की सुबह डीएम और एसपी मौके पर पहुंचे।
उनके आश्वासन पर ग्रामीणों का गुस्सा शांत हुआ और पुलिस महंत के शव को कब्जे में ले पाई। महंत के पिता की तहरीर पर पुलिस ने हत्या और लूट का मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी।
इंदौर गांव की रामजानकी कुटी क्षेत्र के लोगों की श्रद्धा का बड़ा केंद्र है। इस कुटी में भगवान राम, जानकी और लक्ष्मण की अष्टधातु की मूर्तियां स्थापित थीं। कुटी के महंत गौतम दास (32) रविवार की देर शाम अपने सहयोगी रमेश दास के साथ पूजा करने के बाद मंदिर के गर्भगृह में ताला बंद कर बाहर चबूतरे पर सोने चले गए।
रमेश दास अन्य लोगों के साथ मंदिर परिसर में स्थित दूसरे कमरे में सो गए। रात करीब 11 बजे आंधी आने के बाद रमेश दास की नींद खुली तो उन्होंने देखा कि मंदिर के सभी दरवाजे खुले हैं।
इससे सहमे रमेश दास मंदिर के अंदर पहुंचे तो गर्भगृह में स्थापित भगवान राम, जानकी और लक्ष्मण की तीनों मूर्तियां गायब थी। गर्भगृह के बाहर चबूतरे पर सो रहे महंत का भी पता नहीं था। वहां सारा सामान अस्त-व्यस्त था।
महंत की तलाश करते हुए वह मंदिर के हवन कुंड के पास गए तो वहां गौतम दास मृत पड़े थे। यह देख रमेश दास चीख पड़े। उनकी आवाज सुनकर आसपास के लोग कुटी पर पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी।