क्राइम ब्रांच और जिले के कुछेक थानों की फोर्स बीते दो दिन से लूटपाट करने वाले अंतर प्रांतीय घुमंतू गिरोह की धरपकड़ में जुटी है। वहीं, चोरों ने बुधवार की रात लोहता, सारनाथ, शिवपुर, बड़ागांव और फूलपुर थाना क्षेत्र में ताबड़तोड़ वारदातें कर पुलिस को चुनौती दे डाली। पुलिस चौकी और थानों के पास स्थित दूकानों और घरों से चोर लाखों रुपये मूल्य के जेवरात, सामान और नगदी समेट ले गए। गुरुवार को मौका मुआयना करने पहुंची पुलिस ठोस सुराग तक नहीं जुटा सकी।
लोहता थाना क्षेत्र में भरथरा गांव निवासी भरत यादव के मकान में चोर दरवाजा तोड़कर घुसे। इसके बाद आलमारी तोड़कर दो लाख रुपये मूल्य के गहने और सात हजार समेट ले गए। साथ ही, एक अटैची और चार बाक्स उठा ले गए, जो गुरुवार को सुबह कुछ दूरी पर स्थित नाले में पाए गए। सूचना मिलने पर पर डॉग स्क्वॉड के साथ पुलिस पहुंची। छानबीन के बाद पुलिस ने मुसहर बस्ती के दो युवकों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। सारनाथ थाना क्षेत्र में बेनीपुर निवासी प्रियरंजन मौर्या की बेनीपुर पोखरा के सामने जनरल स्टोर और मोबाइल शॉप है। दूकान के शटर के ऊपरी हिस्से को काटकर चोर अंदर घुसे और 35 हजार नगद, परफ्यूम की आठ शीशी और 10 महंगे मोबाइल फोन समेट ले गए।
शिवपुर थाना क्षेत्र की वीडीए कॉलोनी चांदमारी में आशुतोष सिंह के बंद घर की चहारदीवारी फांदकर चोरों ने मेनगेट का ताला तोड़ा और अंदर घुसे। यहां से चोर पांच लाख मूल्य के जेवरात और 25 हजार रुपये नगद समेट ले गए। बड़ागांव थाना क्षेत्र के हरहुआ बाजार में पुलिस चौकी के पास चोरों ने तीन दूकानों के ताले तोड़े। इस दौरान चोर अंग्रेजी शराब की दूकान से शराब की कुछ बोतलें और सीसीटीवी कैमरे का सिस्टम चुराने में सफल रहे जबकि दो अन्य दूकान से कुछ नहीं ले जा सके। इसी तरह फूलपुर थाने से चंद कदम की दूरी पर रमेश पटेल के घर में सेध काटकर घुसे चोर एक लाख रुपये के गहने, कपड़े और पांच हजार रुपये नगद समेट ले गए।