सरायइनायत में रहने वाली बीए की एक छात्रा को उसके दोस्त ने वाराणसी के एक होटल में ले जाकर खाने में नशीली दवा देने के बाद रेप किया। उसने छात्रा के साथ अपनी अश्लील वीडियो क्लिपिंग भी बना ली। वह वीडियो बांटने की धमकी देकर छात्रा को ब्लैकमेल करने लगा। कई बार रेप किया। जेवर और नगदी भी ऐंठ ली। उसने छात्रा को आत्महत्या की हद तक प्रताड़ित कर दिया। छात्रा ने कुछ दिन पहले परिजनों को अपनी व्यथा सुनाई। दो दिन पहले आरोपी युवक ने अपने दोस्त के साथ छात्रा के घर आकर उसे धमकी दी कि पुलिस के पास गई तो परिवार सहित खत्म कर दिया जाएगा। छात्रा के पिता की शिकायत पर नामजद मुकदमा लिखकर पुलिस ने आरोपी युवक को पकड़ लिया है।
22 वर्षीय यह छात्रा काशी विद्यापीठ वाराणसी में बीए की पढ़ाई कर रही है। वह अक्सर ट्रेन से वाराणसी स्थित कॉलेज जाती थी। पिछले साल ट्रेन में ही आजाद नगर झूंसी निवासी अभिषेक सिंह उसे मिला। फिर वह अक्सर ट्रेन में छात्रा को मिलने लगा। पिछले साल 11 दिसंबर को अभिषेक ने छात्रा को वाराणसी में कैंट स्थित अर्जुन होटल में ले जाकर कुछ खिलाया, जिसमें नशीली दवा मिला दी और छात्रा से बलात्कार किया। मोबाइल फोन से वीडियो क्लिपिंग भी बना ली। इसके बाद अभिषेक उसे वीडियो बांटने की धमकी देकर अक्सर होटल में बुलाकर ब्लैकमेल करने लगा। पुलिस ने अभिषेक को गिरफ्तार कर लिया है। अभिषेक ने छात्रा को बताया था कि वह सीआईएसएफ में दरोगा है।