बनारस में दलित किशोरी के साथ रेप किये जाने का मामला प्रकाश में आया है। आरोपी युवक ने घर में घुसकर किशोरी की भाभी को बंधक बनाकर उसके साथ रेप किया। पीड़िता की मां ने पुलिस को सूचना दी लेकिन आरोपी मौके से भाग निकला।
मां की तहरीर पर आरोपी व उसके दो अन्य सहयोगियों के विरुद्ध दुष्कर्म तथा पास्को एक्ट के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया। किशोरी को चिकित्सकीय परीक्षण के लिये वाराणसी स्थित मंडलीय अस्पताल भेज दिया। पुलिस दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
बड़ागांव थानाक्षेत्र के एक गांव निवासी दलित किशोरी की मां और परिजन 30 मई को आजमगढ़ स्थित अपने एक रिश्तेदार के यहां शादी में शरीक होने गये थे। 31 मई की आधी रात को किशोरी घर के अंदर अपने भाभी के साथ सो रही थी।
आरोप है कि सोते समय ही गांव के एक ईंट भट्ठे पर कार्यरत बीरू नामक मजदूर घर में घुसकर सो रही भाभी का हाथ, पैर और मुंह बांध दिया। वहीं किशोरी को धमकी देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। इस बात की जानकारी होने पर आरोपी की तलाश में किशोरी के परिजन ईंट भट्ठे पर गए।
मां का आरोप है कि भट्ठा मालिक और ईंट भट्ठे के मुंशी ने साजिश के तहत आरोपी को भगा दिया। किशोरी की मां ने बीती रात स्थानीय थाने में मुकदमा दर्ज कराया है।