हादसे के बाद मौके पर बिखरे जूता-चप्पल और सामान।
शाकाहार-सदाचार और मद्य निषेध के प्रति जागरूकता के लिए शनिवार दोपहर जय गुरुदेव धर्म प्रचारक संस्था की ओर से निकाली गई जनजागरण शोभायात्रा में भगदड़ मचने से 25 अनुयाइयों की मौत हो गई। हादसा वाराणसी-मुगलसराय को जोड़ने वाले राजघाट पुल के पास दोपहर करीब पौने दो बजे तब हुआ, जब बाबा जय गुरुदेव के अनुयाइयों और वाहनों के काफिले में शामिल एक महिला पुल टूटने का शोर मचाते हुए यात्रा के बीच गिर पड़ी।
इसके बाद लोग एक-दूसरे पर गिरते-पड़ते भागने लगे। भीड़ में कुचल कर मरने वालों में 20 महिलाएं और पांच पुरुष शामिल हैं। 14 मृतकों की शिनाख्त हो गई है। हादसे में सौ से अधिक श्रद्धालु घायल भी हुए हैं। 15 से अधिक घायलों को रामनगर स्थित लाल बहादुर शास्त्री चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है, जबकि हालत गंभीर होने पर चार घायलों को बीएचयू के ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है।