सपा कार्यकर्ताओं ने किया था विरोध-प्रदर्शन।
- फोटो : अमर उजाला
सोनभद्र के उभ्भा कांड में मृतक आश्रितों को उचित मुआवजा देने समेत अन्य मांगों को लेकर सपा के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम की अगुवाई में निकाले गए जुलूस में शामिल कार्यकर्ता कानूनी पचड़े में फंस गए हैं। जिले में निषेधाज्ञा लागू होने की बाद भी जुलूस निकालने पर कोतवाली पुलिस ने धारा 144 के उल्लंघन की रिपोर्ट एसडीएम को सौंप दी है।
बता दें कि 23 जुलाई को सपा के जिला कार्यालय से सपा कार्यकर्ताओं ने न्याय यात्रा निकाली थी। इसमें जिले के अलावा, मिर्जापुर, भदोही, चंदौली और वाराणसी से कार्यकर्ता पहुंचे थे। एडीएम, एसडीएम, एएसपी, सीओ ने ने कई जगहों पर उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन कार्यकर्ता सदर तहसील में जाने के लिए आगे बढ़ते रहे।
राबर्ट्सगंज के सिविल लाइंस रोड पर डीएम और एसपी ने कार्यकर्ताओं को रोक कर प्रदेश अध्यक्ष से मांगपत्र लेकर उन्हें वापस भेज दिया। डीएम अंकित कुमार अग्रवाल ने जिले में धारा 144 लागू होने के बाद भी बड़ी संख्या में जुलूस निकालने वालों के खिलाफ पुलिस से रिपोर्ट मांगी थी। बुधवार को कोतवाल ने एसडीएम को रिपोर्ट भेज दिया है।