गाजीपुर जिले के नंदगंज क्षेत्र में व्यापारी के अपहरण के मामले में वांछित वाराणसी के बाबतपुर निवासी 10 हजार के इनामी बदमाश सुधांशु मिश्रा उर्फ राही को शनिवार की रात पुलिस ने नरिया तिराहा से गिरफ्तार किया। सुधांशु के पास से .32 बोर की देसी पिस्टल और दो कारतूस बरामद किया गया। उसके खिलाफ लूट, हत्या का प्रयास सहित अन्य आरोपों में चार मुकदमे दर्ज हैं।
सीओ भेलूपुर अनिल कुमार ने बताया कि इंस्पेक्टर लंका भारत भूषण तिवारी अपनी टीम के साथ नरिया क्षेत्र में चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान करौंदी की ओर से बाइक सवार दो युवक आते दिखे। रुकने का इशारा किया गया तो ड्राइव कर रहा युवक बाइक वापस मोड़ दिया। इस पर पीछे बैठा सुधांशु सड़क पर गिर पड़ा और बाइक लेकर उसका दोस्त मोहित वर्मा भाग निकला।
पूछताछ में सुधांशु ने बताया कि मोहित के कहने पर बीती 15 जुलाई को नंदगंज क्षेत्र से व्यापारी का अपहरण कर एक करोड़ की फिरौती मांगी गई थी। जिस जगह से व्यापारी का अपहरण हुआ वहां सीसीटीवी कैमरे लगे थे। इस वजह से व्यापारी को बरामद कर पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया। वह और मोहित प्रकरण में वांछित चल रहे थे।