विस्फोट बाद मरीज को ट्रामा सेंटर ले जाते परिजन।
राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी के बीएचयू दौरे के ठीक पांच दिन पहले बीएचयू अस्पताल के आपात चिकित्सा कक्ष में शनिवार की दोपहर हुए धमाके की वारदात को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यालय ने गंभीरता से लिया है। पीएमओ ने स्थानीय जिला प्रशासन और खुफिया तंत्र के अलावा भाजपा संगठन से भी पूरे घटना का ब्योरा मांगा है।
पीएमओ के निर्देश के बाद ही भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष एमएलसी लक्ष्मण आचार्य बीएचयू अस्पताल पहुंचे और धमाके में जख्मी लोगों का कुशलक्षेम जाना। इसके बाद फोन पर पीएमओ को पूरे घटनाक्रम की विस्तार से जानकारी दी। घायलों से मुलाकात और अस्पताल प्रशासन से वार्ता के बाद मीडिया से बातचीत में लक्ष्मण आचार्य ने कहा कि पीएमओ के निर्देश पर मैं यहां आया हूं।
धमाके में 20 लोग जख्मी हुए हैं। सभी का इलाज चल रहा है। छह घायलों को ज्यादा चोटें आई हैं। घटना दोपहर 12 बजकर 50 मिनट के आसपास की है। उस समय इमरजेंसी में सभी बेडों पर मरीज भर्ती थे। आचार्य ने बताया कि दोपहर में जब यह घटना हुई, वे केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री डॉ. महेश शर्मा के साथ पीएम के संसदीय कार्यालय में जन शिकायतों की सुनवाई कर रहे थे।
इसी बीच उन्हें क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी संजय भारद्वाज से बीएचयू अस्पताल में धमाके की वजह से कई लोगों के जख्मी होने की सूचना मिली। जानकारी मिलते ही उन्हाेंने पीएम के दिल्ली कार्यालय को फ ोन पर इसकी जानकारी दी।