यूपी के बलिया जिले के एक गांव में 17 वर्षीय किशोरी के साथ दुष्कर्म का मामला प्रकाश में आया है। मंगलवार को वह दलछपरा हाल्ट स्टेशन के पश्चिम रेल लाइन के पास पानी भरे गड्ढे के किनारे अचेतावस्था में पड़ी मिली थी। ग्रामीणों की सूचना पर 108 एंबुलेंस ने उसे स्थानीय सीएचसी पहुंचाया।
जहां होश में आने के बाद किशोरी ने अपने साथ हुई घटना बयान की। किशोरी की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर गांव के ही दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया है।
मंगलवार की सुबह साढ़े छह बजे के करीब लोगों ने दल छपरा हाल्ट स्टेशन से करीब सौ मीटर दूर पश्चिम रेल लाइन के समीप पानी भरे गड्ढे में एक किशोरी को बेहोश पड़े देखा तो यूपी100 पुलिस को सूचना दी।
बाद में 108 नंबर एंबुलेंस से बेहोश किशोरी को सीएचसी रेवती पहुंचाया, जहां उपचार के बाद होश में आने पर उसने आपबीती सुनाई। किशोरी के तहरीर के मुताबिक, मंगलवार की सुबह 4 बजे वह शौच के लिए घर से बाहर गई थी।
इस बीच गांव के ही दो युवकों ने उसे रास्ते में रोका तथा मुंह पर कपड़ा बांध कर उठा ले गए और उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद रेलवे लाइन पर फेंक दिया। तभी उसे होश आ गया और वह उठकर चलने लगी। उस समय दोनों युवक वहीं थे।
उन्होंने देखा तो फिर पकड़ लिया और हाथ-पैर बांध तथा मुंह में कपड़ा ठूंस कर उसे रेल लाइन के किनारे पानी भरे गड्ढे में फेंक दिया। पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार ने बताया कि पीड़िता का मेडिकल कराया गया है। उसकी तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।