उत्तर प्रदेश के जौनपुर में एक वृद्धा की धारदार हथियार से नृशंस हत्या करने का मामला सामने आया है। वृद्धा की हत्या के कारणों और हत्यारों का अभी तक पता नहीं चल सका है। मौके पर पहुंची पुलिस छानबीन में जुटी रही।
जिले के नेवढ़िया थाना क्षेत्र के शेखपुर गांव की दुर्गावती देवी (65) पत्नी स्व. रामराज गुप्ता घर में अकेली रहती थीं। उनकी दोनों बेटियों की शादी हो चुकी है। उनके देवर बृजलाल अपने परिवार के साथ गोपालापुर बाजार में रहते हैं और वह किराने की दुकान चलाते हैं।
पड़ोसियों के मुताबिक दुर्गावती देवी सुबह 10 बजे खेत से चारा काटकर घर आईं। साढ़े दस बजे पड़ोस की एक महिला दुर्गावती देवी के घर में गई तो कमरे में दुर्गावती देवी का खून से लथपथ शव पड़ा था। उसका शोर सुनकर वहां भीड़ जुट गई। मृतका के सिर, कान, और नाक के पास धारदार हथियार से चोट के निशान थे।
एसपी ग्रामीण संजय राय, डॉग स्क्वॉड ने जांच पड़ताल की पर हत्यारों का कोई सुराग नहीं लग सका। एसपी ग्रामीण संजय राय ने बताया कि मृतका के देवर बृजलाल गुप्ता की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हत्या के कारणों का अभी पता नहीं लगा है। जल्दी ही हत्यारों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।