चंदौली जिले की मुगलसराय विधानसभा क्षेत्र की भाजपा विधायक साधना सिंह के खिलाफ बुधवार को व्हाट्सएप, फेसबुक पर गाली लिखने और अपमानजनक टिप्पणी करने पर उनके पति ने कोतवाली में चार के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया है।
विज्ञापन
मऊ जिले की विधायक मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के कमालपुर कोलोरा गांव की निवासी हैं। इनके विरुद्ध सोशल मीडिया पर अपमानजनक टिप्पणी कर उसे वायरल किया गया।
टिप्पणी को देखकर भाजपा कार्यकर्ताओं और गांव के अन्य लोगों में रोष फैल गया। विधायक के पति छविनाथ सिंह ने गांव के ही कृष्ण कुमार, दीपांकर, प्रेम सागर, और हरिकेश के खिलाफ कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया है। आरोपियों के खिलाफ कार्यवाई को लेकर दर्जनों भाजपा कार्यकर्ता कोतवाली में जुट गए।
पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर तहकीकात शुरू कर दी है। कोतवाल चंद्र भास्कर द्विवेदी ने बताया कि तहरीर पर चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तफ्तीश की जा रही है।