करोड़ों के गिफ्ट का झांसा देकर रुपये ऐंठने वाले जालसाजों के अंतरराष्ट्रीय गिरोह के पांच सदस्यों को क्राइम ब्रांच की सर्विलांस सेल और भेलूपुर पुलिस की टीम ने गिरफ्तार किया है।
आरोपियों की शिनाख्त ग्वालियर निवासी अशोक शर्मा, उसके बेटे संतोष शर्मा व सुरेश तोमर, नई दिल्ली के बसंतकुंज क्षेत्र के मसूदपुर निवासी आशीष जानसन और फिरोजाबाद के रसूलपुर के आसफाबाद के बहादुर सिंह के तौर पर हुई है।
गिरोह के सरगना नाईजीरिया के मूल निवासी और नई दिल्ली में रहने वाले शख्स की पुलिस को तलाश है। गिरफ्त में आए आरोपियों के पास से कई बैंकों के फर्जी पासबुक व चेक बुक, फर्जी पैन कार्ड सहित बैंकों से संबंधित अन्य कागजात बरामद कर जेल भेज दिया गया है।
एसएसपी नितिन तिवारी ने सोमवार को पुलिस लाइन स्थित सभागार में बताया कि बीते 22 मार्च को सुंदरपुर नेवादा क्षेत्र की एक महिला ने भेलूपुर थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। आरोप था कि इंटरनेशनल और लोकल नंबरोें से लगातार कॉल कर उन्हें करोड़ों रुपये मूल्य के गिफ्ट देने की बात कही गई।
साथ ही कहा गया था कि विदेश से आए गिफ्ट को पाने के लिए कस्टम विभाग और इनकम टैक्स विभाग को शुल्क देना होेगा। महिला ने विश्वास करके लगभग तीन लाख रुपये से अधिक बताए गए बैंक अकाउंट में जमा करा दिए लेकिन गिफ्ट नहीं मिला।