मऊ जिले के हलधरपुर थाना क्षेत्र के मेउड़ी गांव के डीह तिलक ठाकुर पुरवे के पास पेट्रोल पंप पर खड़े ट्रक में लाश मिली। युवक की हत्या धारधार चाकू से गला रेतकर की गई थी।
ट्रक मालिक के आने पर शव की शिनाख्त ट्रक के चालक के रुप में हुई। ट्रक मालिक ने फरार खलासी के विरुद्घ हत्या व 80 हजार रुपया लेकर भागने की रिपोर्ट दर्ज कराई।
ट्रक हरियाणा राज्य के अंबाला निवासी गौरव राणा का है। ट्रक मालिक के अनुसार मृत चालक सहारनपुर जिले इस्लामपुरा गांव निवासी जीतन (27) था। ट्रक पर खलासी सहारपुर जिले के मारेबांस गांव का निवासी दिलशाद (53) था।
ट्रक मालिक ने बताया कि उनके ट्रक में टावर का सामान लदा था। जिसे बोकारो ले जाना था। गौरव राणा ने पुलिस को बताया कि पांच अक्तूबर को उनके ट्रक पर सामान हिमांचल के काला अंबु से लोड हुआ।
छह अक्तूबर को चालक ट्रक लेकर उनके पास अंबाला पहुंचा। वहां वार्ता करने के बाद वो चालक को 80 हजार रुपये दिए। इसके बाद सात अक्तूबर को अंबाला से ट्रक बोकारो के लिए रवाना हुआ। ट्रक में जीपीआरएस सिस्टम लगा होने के कारण मालिक के पास उसके पल-पल की रिपोर्ट थी।