मिर्जापुर में दिनभर हल्की बारिश होती रही
- फोटो : अमर उजाला
मिर्जापुर के विंढम फाल और खड़ंजा पिकनिक मनाने गए 60 लोग रविवार की शाम पानी बढ़ने से बह गए। पुलिस ने सैलानियों की मदद से मिर्जापुर व भदोही समेत अन्य जिलों से आए 50 से अधिक युवकों को बचा लिया, जबकि चार लापता हैं।
रविवार की शाम मिर्जापुर, भदोही, बनारस, सोनभद्र तथा इलाहाबाद से बड़ी संख्या में सैलानी विंढम फाल और खड़ंजा में पिकनिक मनाने आए थे। शाम करीब पांच बजे मूसलाधार बारिश के चलते अचानक दोनों जगह पानी बढ़ गया।
बहाव इतना तेज था कि देखते ही देखते ही झरने में नहा रहे 60 लोग बह गए। यह देख ऊंचाई पर मौजूद सैलानी चिल्लाने लगे। इस पर आसपास मौजूद लोग बचाव कार्य में जुट गए। सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस ने 50 से अधिक लोगों को बचा लिया।
शहर कोतवाली क्षेत्र के तरकापुर मोहल्ला निवासी सैयद अली (16) पुत्र निषाद, पीली कोठी निवासी सोनू अग्रहरि (22) समेत तीन खड़ंजा में और मयंक जायसवाल निवासी अजमौला, भदोही विंढम फाल में लापता हैं।
पुलिस अधीक्षक आशीष तिवारी ने कहा कि विंढम फाल और खड़ंजा पर्यटन स्थल पर पानी बढ़ने से रविवार को कई लोगों के बहने की सूचना मिली है। अधिकांश लोगों को बचा लिया गया है। एक विंढम फाल तथा तीन के खड़ंजा में लापता होने की जानकारी मिली है। इनकी तलाश कराई जा रही है।