बनारस में हुई एक घटना ने मानवता को शर्मसार कर दिया। यहां पर एक किशोर को चोरी करने के आरोप में लोगों ने पहले खंभे से बांध दिया। इसके बाद उसके कपड़े उतार कर पिटाई की।
पिटाई करने का यह मामला शुक्रवार को सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ। हालांकि पुलिस में किसी ने कोई तहरीर नहीं दी है। मामला सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो दावा किया गया कि घटना कैंट थाना क्षेत्र के घौसाबाद की है और किशोर के पास से मोबाइल नहीं बरामद हुआ।
किशोर रहम की भीख मांगता रहा लेकिन मौके पर जुटे लोगों का दिल नहीं पसीजा। घटना के समय लोग मूकदर्शक बने रहे। वहीं बाद में पत्रकारों के पहुंचने पर पिटाई कर रहे लोग किशोर को भगा कर खुद भाग खड़े हुए।
इस संबंध में इंस्पेक्टर कैंट ने बताया कि मामले की जानकारी मिलने पर घौसाबाद में पुलिस भेजी गई थी लेकिन पुष्टि नहीं हो सकी। इसके साथ ही घटना के संबंध में किसी ने तहरीर भी नहीं दी है।