घर के पास वाले धनिया के खेत में कुछ कुत्ते पैर से जमीन खोद रहे थे। खेत के मालिक ने कुत्तों के भगाया तो जमीन में जो देखा उसके बाद उनके होश उड़ गए। जमीन में एक बच्चे का कटा हुआ सिर था। यह घटना है मिर्जापुर जिले के नान्हूपुर गांव की। मंगलवार सुबह इस खबर के फैलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
खेत के पास आप पास के ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने सिर को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मृतक की शिनाख्त के लिए डीएनए टेस्ट कराने की बात कही है। पुलिस धड़ की तलाश करने में जुट गई है। बच्चे की उम्र 12 साल के करीब बताई जा रही है।
क्षेत्राधिकारी सदर ने कहा की मामले का खुलासा जल्द कर दिया जाएगा। नान्हूपुर निवासी कृष्ण कुमार दुबे कच्चे मकान के बगल में पक्का घर बनाने के लिए नींव खुदवा रहे थे। इस स्थान के बगल में खेत में धनिया बोई गई है।
मंगलवार की सुबह सात बजे उनकी पत्नी चंद्रिका देवी ने देखा की धनिया वाले खेत को कुछ कुत्ते पैर से जमीन खोद रहे थे। यह देख वह वहां पहुंची और कुत्तों को भगाया। उनकी नजजर जमीन पर गई तो वहां किसी बच्चे के सिर का कुछ हिस्सा दिखा।
वह चीखने लगी और पति को बुलाने लगी। पत्नी की चीख सुन खेत की ओर पति दौड़ पड़ा। पत्नी के इशारे पर जब उसने जमीन की खोदाई की तो एक बच्चे का कटा हुआ सिर मिला। इसकी जानकारी होते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
सिर मिलने से परिवार के लोग सकते में
- फोटो : self
खेत के पास जुटे ग्रामीणों ने बालक की हत्या कर सिर खेत में गाड़ने और धड़ कहीं और छिपाने की आशंका जताई। सूचना पर थानाध्यक्ष पड़री विश्वज्योति राय ने उच्चाधिकारियों को अवगत कराया। इसके बाद सीओ सदर बृजेश तिवारी, डॉग स्क्वॉड, क्राइम ब्रांच और फोरेंसिक टीम के साथ पहुंचे।
पुलिस ने सिर को पोस्टमार्टम भेज दिया। कहा कि बालक की पहचान के लिए डीएनए जांच कराने का प्रयास किया जाएगा। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि कटे हुए सिर से बदबू आ रही थी जिससे लगता है कि घटना तीन दिन पहले हुई होगी।
पुलिस ने अगल बगल के ग्राम प्रधानों समेत अन्य लोगों से पूछताछ की। काफी पूछताछ के बाद भी बालक की शिनाख्त नहीं हो पाई। कृष्ण कुमार दुबे के परिवार के लोग नींव के बगल में बालक का सिर मिलने को लेकर सकते में हैं।
वे इस बात को लेकर परेशान हैं कि अज्ञात बालक का सिर यहां कैसे पहुंचा। परिवार की मानें तो उनकी कुछ लोगों से अनबन चलती है। उन्हीं लोगों ने किसी तांत्रिक से मिल कर यह काम किया होगा।