कोपागंज थाना अंतर्गत मऊ-मधुबन शहीद मार्ग पर इंदारा के सिंह गेट चौराहे के समीप गुरुवार को एक 20 वर्षीय छात्रा को ट्रक ने कुचल दिया। ट्रक से रौंदे जाने के बाद घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने घटनास्थल पर पहुंचकर सड़क जाम कर दिया।
आक्रोशित ग्रमीणों ने परिजन को आर्थिक सहायता के लिए जमकर हंगामा कर सड़क साढे तीन घंटे तक जाम कर दिया। सूचना पर पहुंचे पुलिसकर्मियों से भी ग्रमीणों की तीखी नोक झोंक हुई। लाठी भांजकर पुलिस ने ग्रामीणों को शांत कराया। पुलिस ने इसका नेतृत्व कर रही एक महिलानेत्री को हिरासत में लिया है।
चंदा (20) पुत्री महेंद्र राजभर निवासी इंदारा गांव के मनकही मौजे शिवानंद महाविद्यालय इंदारा में बीए प्रथम की वर्ष की संस्कृत की परीक्षा देने साइकल से जा रही थी। अभी वह मऊ-मधुबन शहीद मार्ग इंदारा गांव (शहीद हरेंद्र यादव) गेट चौराहे से मुड़ी ही थी कि मऊ के तरफ से तेज रफ़्तार से आ रहे गिट्टी लदे ट्रक ने सामने से टक्कर उसे टक्कर मार दी।
ट्रक के पहिया के नीचे आ जाने से छात्रा का सिर कुचल गया जिससे उसकी घटना स्थल पर ही मौत हो गई। ट्रक चालक मौका देखकर फरार हो गया। स्थानीय युवकों ने मोटरसाइकिल से पीछा कर ट्रक को कसारा चौक पर रोक चालक की धुनाई कर पुलिस को सौंप दिया।
ट्रक पुलिस की कब्जे में है। इधर घटना स्थल पर परिजन शव को सड़क पर रखकर चिलचिलाती धूप में जाम कर दिए। परिजनों का रो-रो के बुरा हाल था। सूचना पर पहुंचे पुलिसकर्मियों से भी ग्रमीणों की जबरदस्त नोंक-झोंक हुई। आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई व पांच लाख रुपए के साथ मौके पर ब्रेकर बनवाने की मांग करने लगे।
पुलिस के काफी समझाने के बाद नहीं माने तो जाम करने वालों को लाठी भांजकर पुलिस ने खदेड़ा तब जाकर जाम ख़त्म हुआ। पुलिस ने जाम कर रही एक महिलानेत्री को हिरासत में लिया है। इस दौरान मौके पर पहुंचे एसडीएम सदर सुरेन्द्रनाथ मिश्र ने ग्रामीणों को समझा बुझाकर कानूनी कार्यवाही व वहां ब्रेकर, परिजनों को पांच लाख रूपए सरकारी मुआवजा देने का आश्वासन दिया।