आगामी विधान सभा निर्वाचन 2017 को सकुशल संपन्न कराने के मद्देनजर जिलाधिकारी निखिल चंद्र शुक्ला ने सोमवार को 5 अलग-अलग टीमें बनाकर भारी संख्या में पुलिस बल के साथ जिला कारागार पर छापा मारा। पांचों टीमों द्वारा अलग-अलग बैरकों में सघन तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान कैदियों के पास से 79475 रुपये के साथ-साथ साथ दो सिम कार्ड, कंडोम का रैपर, पांच हीटर, एक चाकू, दो मोबाईल चार्जर, भारी मात्रा में तंबाकू बीड़ी और खाना बनाने के बर्तन बरामद हुए। बता दें कि जेल में छह महिला कैदी भी बंद हैं।
जिला कारागार से इन सामानों की बरामदगी पर काफी नाराजगी व्यक्त करते हुए जिलाधिकारी ने सभी समानों एवं रुपये को जमा कराने के साथ-साथ स्थानीय थानाध्यक्ष को संबंधित मामले की जांच कर प्राथमिकी दर्ज कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि चुनाव अचार संहिता लागू हो चुकी है। जनपद के समस्त प्रमुख स्थानों पर वाहनों की चेकिंग की जा रही है। कोई भी व्यक्ति बिना अनुमति के ज्यादा धनराशि लेकर न चले। जिलाधिकारी ने सभी उपजिलाधिकारियों को इसका कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने जेल से संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिया कि कैदियों के बाहर आने-जाने बाद उसकी सही तरीके से जांच की जाए। यहां पर किसी भी प्रकार की शिकायत मिलने पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जायेगी।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी शिव कुमार शर्मा, अपर पुलिस अधीक्षक रविन्द्र कुमार सिंह, नगर मजिस्ट्रेट राम अभिलाष, नगर क्षेत्राधिकारी पंकज सिंह, उप जिलाधिकारी सदर, तहसीलदार सदर एवं अतिरिक्त मजिस्ट्रेट सहित भारी मात्रा में पुलिस फोर्स उपस्थित रही।