मऊ जिले के कोतवाली के भटौली वैश्य गांव में शुक्रवार को एक शादी में अजीब मंजर देखने को मिला। एक भाई अपने बहन की शादी में मशगूल था। बहन की शादी की तैयारी चल रही थी, इसी दौरान उसकी प्रेमिका आ धमकी और अपनी भी शादी की जिद करने लगी।
यह देखकर घराती और बारातियों के होश उड़ गए। मामला थाने पहुंच गया जहां प्रेमिका के नाबालिग होने की पुष्टि पर मामला रफा दफा हुआ वरना प्रेमिका उसी दिन अपनी भी शादी की जिद पर अड़ी हुई थी।
बताया जाता है कि गांव निवासी एक युवक के बहन की शादी शुक्रवार को तय थी। युवक अपने बहन की शादी में मशगूल था। इसी दौरान उसकी प्रेमिका आ धमकी और भरे मंडप में ही अपनी शादी की बात कहने लगी।
लोगों के लाख समझाने बुझाने के बाद भी वह उसी दिन शादी की जिद पर अड़ी तो मामला पुलिस तक जा पहुंचा। आखिरकार पुलिस के यहां बात प्रकाश में आने पर कि प्रेमिका की उम्र अभी बालिग होने में कुछ कम है तो मामला जाकर शांत हुआ।
इस बीच घराती और बाराती दोनों ही प्रेमिका के इस करतूत पर परेशान रहे।