पुलिस मुठभेड़ में वांछित आरोपी मनोज गिरफ्तार
अर्दली बाजार में पिछले हफ्ते हुई प्रवक्ता अभिनव सिंह की हत्या के मामले में पुलिस ने मंगलवार को भोर में वांछित बदमाश मनोज सिंह को हल्की मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से हत्या में प्रयुक्त पिस्टल, बाइक और मोबाइल बरामद किया गया है। न्यायालय में पेश करने के बाद उसे जेल भेज दिया गया। जौनपुर जिले के केराकत थाना क्षेत्र के बीहड़ा निवासी तारकेश्वर सिंह का बेटा अभिनव में रामेश्वर स्थित एक इंटर कॉलेज में प्रवक्ता था। शिवपुर स्थित खुशहाल नगर कॉलोनी में वह रहता था।
13 अप्रैल की रात वह अपने चाचा की एसयूवी से अर्दली बाजार क्षेत्र के महावीर मंदिर चौराहे पहुंचा, जहां गोली मारकर उसकी हत्या कर दी गई थी। जांच में पता चला था शिवपुर के जैपार निवासी मनोज, उंदी निवासी अमित सिंह और हीरालाल ने हत्या की है। दोनों गुटों में ईंट सप्लाई को लेकर विवाद था। अमित को एसटीएफ ने शनिवार को गिरफ्तार कर लिया था।
मंगलवार की भोर में पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि मामले में वांछित मनोज इलाहाबाद भागने वाला है। पुलिस ने मोहनसराय में उसकी घेरेबंदी कर ली। बाइक सवार मनोज को रुकने का इशारा किया तो उसने फायरिंग कर दी। पुलिस ने हल्की मुठभेड़ के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया। उसने पुलिस को बताया कि व्यवसाय की प्रतिद्वंद्विता में हत्या की है। अभिनव चाहता था कि हम शिवपुर क्षेत्र में ईंट सप्लाई न करें। इसे लेकर दोनों में विवाद हुआ था।