उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ में मुंबई(Mumbai) से फरार पांच अभियुक्तों को महाराष्ट्र पुलिस(Maharashtra police) ने स्थानीय पुलिस की मदद से धर दबोचा है। सभी अभियुक्त हत्या का प्रयास करने के मामले में 2 फरवरी से ही फरार थे। महाराष्ट्र पुलिस मुखबिर की सूचना पर आजमगढ़ में छापेमारी कर सभी को गिरफ्तार कर ली है।
जिले के सरायमीर कस्बे के पठान टोला मुहल्ला निवासी सज्जू कुरैशी पुत्र सोचन कुरैशी के घर पर गुरुवार को सीओ फूलपुर रवि शंकर प्रसाद के नेतृत्व में महाराष्ट्र पुलिस(Maharashtra police) एवं सरायमीर पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी की। जिसमें मुंबई से फरार चल रहे पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में जलालुद्दीन पुत्र कमालुद्दीन, शोएब खान पुत्र फ़िरोज़ खान, एजाज अहमद पुत्र अब्दुल समद, सऊद अहमद पुत्र फैयाज अहमद, मोहम्मद अकरम पुत्र मोहम्मद सुलेमान शामिल हैं। पकड़े गए आरोपियों का मेडिकल मुआयना प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खरेवां सरायमीर में पुलिस की मौजूदगी में कराया गया।
पीएचसी के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. काशिफ जावेद आलम की इस जांच में सब कुछ सामान्य मिला। इसके बाद पुलिस सभी अभियुक्तों को आजमगढ़ न्यायालय ले गई। आजमगढ़ न्यायालय में पेशी के बाद महाराष्ट्र पुलिस(Maharashtra police) उन्हें लेकर मालेगांव चली जाएगी। वहीं, सज्जू कुरैशी जिसने उन्हें शरण दी थी, सरायमीर पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया है।
महाराष्ट्र पुलिस
- फोटो : amar ujala
महाराष्ट्र पुलिस ने बताया कि 01 फरवरी 2019 की रात में साढ़े दस बजे महाराष्ट्र के नासिक जिले के मालेगांव के अंतर्गत पावर वाडी थानाक्षेत्र के नई बस्ती जाफर नगर निवासी मोहम्मद आबिद(33) पुत्र मोहम्मद जाबिर को जान मारने की मंशा से धारदार हथियार से उस पर हमला कर दिया। फिलहाल घायल आबिद का इलाज सहारा हॉस्पिटल मालेगांव में चल रहा है।
पुलिस के मुताबिक इस मामले में कुल 11 आरोपी हैं। जिसमे से पांच आरोपी मालेगांव में ही गिरफ्तार कर लिए गए हैं। बाकी के पांच भागकर आजमगढ़ आ गए थे। जिन्हें सरायमीर से गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं, गिरफ्तार आरोपी में दो आरोपी सऊद एवं अकरम एक अन्य मुकदमे में भी वांछित चल रहे थे।