पोस्टमार्टम रूम के बाहर प्रेमी युगल का शव
- फोटो : अमर उजाला
वाराणसी के हृदयपुर गांव निवासी प्रेमी युगल ने शादी न हो पाने पर आत्मघाती कदम उठा लिया। प्रेमी का शव घर से दूर सड़क किनारे पानी में मिला। डॉक्टरों ने आशंका जताई है कि उसने विषाक्त पदार्थ का सेवन किया था। वहीं, प्रेमिका घर में फंदे के सहारे लटकती मिली।
सूचना पाकर सारनाथ पुलिस ने दोनों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस घटना से दोनों के घर में कोहराम मचा हुआ है। वहीं, गांव और आसपास के इलाकों में इस घटना को लेकर जबरदस्त चर्चा रही। हृदयपुर गांव निवासी रामआशीष पटेल के चार बेटों में तीसरे नंबर का अरविंद पटेल उर्फ जुगनू (21) बुधवार की सुबह घर से निकला तो वापस नहीं लौटा।
बुधवार की रात घर से कुछ दूरी पर सीवान में सड़क किनारे पानी में जुगनू अचेतावस्था में पड़ा था। ग्रामीणों से सूचना पाकर परिवारीजन उसे मंडलीय अस्पताल ले गए जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार जुगनू की मौत का कारण प्रथम दृष्टया विषाक्त पदार्थ का सेवन ही है।
मौत की वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट हो सकेगी। मौत की पुष्टि होने पर परिवारीजन जुगनू का शव लेकर घर ले चले आए। इसी बीच किसी ने 100 नंबर पर फोन कर दिया तो सारनाथ पुलिस ने जुगनू के शव को कब्जे में लिया और दीनदयाल अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया।
उधर, गुरुवार की सुबह हृदयपुर गांव निवासी कल्लू राजभर की बेटी रेशमा (20) कमरे में फंदे के सहारे लटकी हुई मिली। सूचना पाकर पहुंची सारनाथ पुलिस ने रेशमा के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
हृदयपुर के ग्रामीणों के अनुसार जुगनू और रेशमा बीते तीन साल से प्रेम करते थे और शादी करना चाहते थे मगर दोनों का परिवार इसके लिए तैयार नहीं था।