वाराणसी के बाबतपुर गांव में गुरुवार को कार को ओवरटेक करते समय सामने आए ट्रक से टकराने से बचने के चक्कर में जौनपुर से वाराणसी की ओर जा रही अल्टो कार सड़क किनारे स्थित मकान की दीवार से टकराकर गड्ढे में पलट गई।
हादसे की जानकारी पाकर पहुंची बड़ागांव पुलिस ने कार सवार युवक और युवती को नजदीक के निजी अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। दोनों के पास से मिले आधार कार्ड से शिनाख्त जौनपुर जिला निवासी मौसरे भाई-बहन सलमान हैदर (24) और साफिया फातिमा (22) के तौर पर हुई।
पुलिस ने दोनों के परिवारीजनों को घटना की जानकारी देकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, दुर्घटनाग्रस्त हुई कार किसकी थी, यह सलमान और साफिया के परिवार वाले पुलिस को नहीं बता सके।
जौनपुर के कोतवाली थाना क्षेत्र के मुफ्ती मोहल्ला निवासी सैयद फजले का इकलौता बेटा सलमान हैदर गुरुवार की सुबह बनारस में एक दोस्त की शादी में शामिल होने की बात कह कर घर से निकला था। वह एमबीए की पढ़ाई पूरी कर नौकरी की तलाश कर रहा था।
उधर, जौनपुर के सैदनपुर मुरादगंज निवासी हसन अब्बास की बेटी साफिया फातिमा कॉलेज जाने की बात कह कर घर से निकली थी। दोपहर में सलमान और साफिया की मौत की खबर उनके परिवारीजनों के पास पहुंची तो सभी अवाक रह गए।
पुलिस ने बताया कि यह कार हादसा ओवरटेक करने के कारण हुआ। ओवरटेक के दौरान सामने आए ट्रक से बचने के फेर में उनकी कार अनियंत्रित हो गई और एक मकान की दीवार से टकराकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि कार के अगले हिस्से का परखच्चा उड़ गया।
हादसे में मौत की जानकारी बड़ागांव थाने पहुंचे सलमान के परिवारीजनों ने साफिया को पहचानने से इंकार कर दिया। पुलिस की पूछताछ में भी साफिया के बारे में अनभिज्ञता जताई।
इसके थोड़ी ही देर बाद पहुंचे साफिया के भाई अली खान ने पुलिस को बताया कि दोनों मौसरे भाई-बहन थे। हालांकि दोनों कहां और क्यों जा रहे थे, इस संबंध में कोई जानकारी नहीं मिल सकी।