वाराणसी जिले के शराब तस्कर गिरोह डी-32 के सरगना बड़ागांव निवासी शिवशंकर सेठ उर्फ बाबू और उसके भाई सोनू सेठ उर्फ छोटू की लगभग 4.88 करोड़ रुपये की संपत्ति रविवार को जब्त की गई। कार्रवाई जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा के आदेश पर गैंगेस्टर एक्ट के तहत की गई है।
एसएसपी अमित पाठक ने बताया कि बड़ागांव थाने में अभियुक्त बाबू के खिलाफ 11 और सोनू के खिलाफ चार मुकदमे दर्ज हैं। दोनों भाइयों ने अपराध से अकूत संपत्ति अर्जित की है। जिलाधिकारी के आदेश से एसपी ग्रामीण मार्तंड प्रताप सिंह के नेतृत्व में एसडीएम पिंडरा जयप्रकाश और सीओ बड़ागाव नितेश प्रताप सिंह की देखरेख में दोनों भाइयों की संपत्ति जब्त करने की कार्रवाई की गई है।
इसके तहत बड़ागांव स्थित 1.49 करोड़ रुपये मूल्य का रिहायशी कांप्लेक्स/होटल और 3.39 करोड़ रुपये मूल्य की जमीन जब्त की गई है। जब्त किया गया कांप्लेक्स/होटल और जमीन दोनों भाइयों ने शराब तस्करी से अर्जित किया था।
गैंगस्टर एक्ट के तहत आरोपी की बाइक जब्त
जैतपुरा थाने की पुलिस ने विजयीपुरा, कोनिया निवासी मनोज शुक्ला के घर जाकर रविवार को गैंगेस्टर एक्ट के तहत उसकी 18 हजार रुपये मूल्य की बाइक जब्त की। इंस्पेक्टर जैतपुरा शशिभूषण राय ने बताया कि पुलिस रिकार्ड के अनुसार मनोज शुक्ला पेशेवर अपराधी है। जब्त की गई बाइक उसने अपराध से अर्जित पैसे से खरीदी थी। बाइक को जब्त कर सिगरा थाने की पुलिस के हवाले कर दिया गया है।