डीएम कार्यालय पर महिलाओं ने किया प्रदर्शन तो पुलिस आई हरकत में
- फोटो : Demo Pic
एलआईसी के पालिसी बांड के नाम पर फर्जीवाड़ा करने वाले तीन लोगों पर गुरुवार को सिगरा थाने पर धोखाधड़ी, जालसाजी सहित अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को जेल भेज दिया है।
चौबेपुर की महिलाओं ने डीएम कार्यालय पर प्रदर्शन कर मामले की शिकायत करते हुए अंधरापुल के पास चल रही कंपनी का हवाला देते हुए कार्रवाई की मांग की थी।
पूर्व प्रधान स्वतंत्र कुमार मिश्रा के नेतृत्व में डीएम को दिए ज्ञापन में महिलाओं ने अंधरापुल के पास श्रीराम कांपलेक्स तीसरी मंजिल पर एलआईसी प्लाटिंग नाम से कंपनी चलाने की शिकायत की थी। इसमें उन्होंने प्रभाकर दूबे, रजिंदर पटेल और आरडी पटेल पर 50 से 80 हजार रुपये लेकर पॉलिसी बांड देने का जिक्र किया था।
साथ ही यह भी बताया कि मांगने पर रुपये देने के नाम पर टालमटोल करने लगे। कंपनी पर फोन करने पर वहां बात भी नहीं होती है। महिलाओं ने धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए ऐसे लोगों पर कार्रवाई की मांग की है।
उधर, डीएम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी से बात की। एसएसपी के निर्देश पर सिगरा एसओ ने महिलाओं की तहरीर पर कंपनी चलाने वाले तीनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। सिगरा थानाध्यक्ष ने बताया कि तीनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।