किरायेदार कई लोगों को चूना लगाकर हुआ फरार
नदेसर क्षेत्र के पटेल नगर कॉलोनी निवासी प्रदीप चौरसिया को किरायेदार के नाम और पते का सत्यापन न कराना महंगा पड़ गया। खुद को हैदराबाद के सैदाबाद का निवासी बताने वाले किरायेदार मजहर फारुकी ने पासपोर्ट और वीजा के काम के नाम पर कई लोगों को लाखों रुपये का चूना लगाया और रफूचक्कर हो गया।
बुधवार को कैंट थाने में मजहर फारुकी के खिलाफ अमानत में खयानत सहित अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज किया गया है।
कैंट पुलिस को प्रदीप चौरसिया ने बताया कि उनके मकान के भूतल का हिस्सा मजहर फारुकी ने 30 हजार रुपये प्रतिमाह किराये पर लिया था।
उसने बताया था कि वह पासपोर्ट और वीजा का काम करता है। कुछ दिनों तक तो वह मौजूद रहा लेकिन उसके बाद अचानक गायब हो गया। प्रदीप ने बताया कि उन्हें लगा कि शायद किसी जरूरी काम के सिलसिले में मजहर बाहर गया होगा। प्रदीप ने बताया कि इसी बीच रोजाना लोग उनके घर आने लगे।
किसी ने कहा कि मजहर ने लाख रुपया लिया है तो किसी ने बताया कि 25 हजार पासपोर्ट और वीजा के नाम पर लिया है। इस तरह से वह कई लोगों का लाखों रुपया ऐंठा है और उनका किराया भी नहीं दिया है। प्रदीप की सूचना पर कैंट पुलिस मुकदमा दर्ज कर मजहर फारुकी की जांच में जुट गई है।