रोहनिया थाना क्षेत्र के भदवर चौराहे के पास शुक्रवार की शाम पुलिस ने मुठभेड़ के बाद अजय उर्फ विजय गैंग के तीन शूटरों समेत पांच बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान दो बाइक सवार पांच बदमाशों को रुकने का इशारा किया तो वह पुलिस पर फायरिंग का भागने लगे। पुलिस ने घेरेबंदी कर उन्हें पकड़ा। उनके पास से तीन पिस्टल, एक रिवाल्वर, एक कट्टा, कारतूस और दो बाइक बरामद की गई है। पूछताछ में पता चला कि वह शहर के एक कारोबारी की हत्या करने वाले थे। यह भी बताया कि सुल्तानपुर के इनामी बदमाश ने झांसी के एक कारोबारी की हत्या करने की सुपारी दी थी। बांदा जेल में बंद अजय जेल से ही अपना गैंग चलाता है।
एसओ रोहनिया शिवानंद मिश्रा को शुक्रवार की देर शाम सूचना मिली थी कि दो बाइक से पांच बदमाश किसी घटना को अंजाम देने के लिए भदवर से होकर गुजरने वाले हैं। पुलिस ने भदवर चौराहे पर चेकिंग शुरू कर दी। पुलिस ने दो बाइक पर सवार पांच बदमाशों को रुकने का इशारा किया तो वह पुलिस पर फायर कर भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर उन्हें दबोच लिया। गिरफ्तार शेरू खान भदोही के कोतवाली क्षेत्र के पुरानी बाजार, नारायण उर्फ राज नारायण सुल्तानपुर के लम्मुआ के सरायमकर कोला, लव सिंह जौनपुर के सरपतहां के गैरवाह शाहगंज, मुराद खान वाराणसी के मिर्जामुराद और शशिकांत दूबे भदोही के कोतवाली क्षेत्र स्थित बछिया मोड़ का रहने वाले हैं।
पुलिस की पूछताछ में पता चला कि नारायण, लव, शशिकांत दूबे बांदा जेल में बंद अजय उर्फ विजय गैंग के शूटर बताए गए हैं। मुराद खान अजय का मैनेजर बताया गया है। चारो पूर्व में भी जेल जा चुके हैं। पूछताछ में ही पता चला कि आरोपी शहर के एक कारोबारी की हत्या करने वाले थे। पूर्व में कारोबारी से रंगदारी मांगी गई थी। रंगदारी न देने पर हत्या करने की योजना थी। फ तेहपुर के खागा के रहने वाले अजय ने वाराणसी में हत्या समेत कई घटनाएं की हैं।