रोडवेज की अनुबंधित बस बुधवार को टेंट कारोबारी समेत दो लोगों के लिए काल बन गई। सुबह भदोही जिले के महाराजगंज में सड़क पार करते समय बुजुर्ग नजीर (68) को रौंद दिया। बस लेकर चालक वहां से भागा तो नजीर के रिश्तेदार अकबर (40) ने कार से उसका पीछा कर लिया। मिर्जामुराद के रानेपट्टी के पास बस चालक ने कार को जोरदार टक्कर मार दी। इसमें टेंट कारोबारी अकबर को गंभीर चोटे आईं और अस्पताल ले जाते समय उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ने मिर्जामुराद थाने पहुंचकर पुलिस के सामने समर्पण कर दिया।
महाराजगंज के टेंट कारोबारी अकबर के परिवार में मंगलवार को शादी थी। इसमें शामिल होने के लिए बनारस के चौबेपुर क्षेत्र बैरागीपुर से नजीर पहुंचे थे।
बुधवार की सुबह नजीर महाराजगंज में सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान बनारस की ओर आ रही मिर्जापुर डिपो की अनुबंधित एक बस ने उन्हें कुचल दिया। हादसे से घबराया चालक बस लेकर वहां से भाग निकला। नजीर की मौत से गुस्साए अकबर ने कार में परिवार के दो अन्य लोगों को बैठाकर बस का पीछा किया। रानेपट्टी के पास ओवरटेक कर अकबर ने बस को रुकवाया। अचानक चालक ने फिर से बस दौड़ा दी और कार को टक्कर मारते हुए भागा और मिर्जामुराद थाने पहुंचा। इस हादसे में अकबर गंभीर रूप से घायल हो गए। परिवार के लोग उन्हेें मिर्जामुराद थाने लेकर पहुंचे। पुलिस ने एंबुलेंस से अकबर को अस्पताल भेजा लेकिन रास्ते में उनकी मौत हो गई। वहीं, पुलिस ने बस चालक सुरेंद्र कुमार मिश्र के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।