मिर्जापुर जिले के छानबे विकास खंड के अमरावती प्राथमिक विद्यालय में रविवार को गांव के ही कुछ लोगों द्वारा ओझाई व झाड़-फूंक करने का मामला सामने आया है। इसक वीडियो वायरल होने के बाद मंगलवार को जिला प्रशासन के अधिकारियों ने विद्यालय का दौरा किया और कुछ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने की बात कही है।
विज्ञापन
रविवार दोपहर में इस विद्यालय में कुछ लोग ओझाई कर रहे थे। यह देखकर आसपास के लोगों ने इसका विरोध भी किया। इसके बाद इसका वीडियो बनाया जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
जानकारी होने पर मंगलवार को सीडीओ प्रियंका निरंजन और एसडीएम सदर गौरव श्रीवास्तव मौके पर पहुंचे। वहां उन्होंने ग्रामीणों से जानकारी ली। उसके बाद सीडीओ प्रियंका निरंजन ने कहा कि विद्यालय परिसर में इस प्रकार की गतिविधि अपराध की श्रेणी में आती है। इसके लिए संबंधित के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी।
चर्चा तो यह भी है कि चूंकि इस विद्यालय में चारदीवारी नहीं है, इसलिए अकसर इस प्रकार की गतिविधि यहां पर चलती रहती है। इस बार वीडियो वायरल होने के बाद इसका प्रचार-प्रसार हो गया। सीडीओ ने प्रधान के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज कराने की बात कही है।