दुर्गाकुंड स्थित वृद्धाश्रम में प्रस्तावित थीम पार्क का निर्माण कार्य शुरू नहीं कराने पर यूपीपीसीएल के जेई हौसला प्रसाद पांडेय पर एफआईआर होगा। इसी प्रकार महिला चिकित्सालय के मैटरनिटी विंग का निर्माण कार्य की गति धीमी होने पर पीडब्ल्यूडी के जेई यूएस पांडेय के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। यह निर्देश गुरुवार को विकास भवन में हुई बैठक में सीडीओ पुलकित खरे ने दिया।
25 लाख से ऊपर की परियोजनाओं की समीक्षा के दौरान सीडीओ ने पूर्वांचल विकास निधि की सड़कों के कार्य में लापरवाही और बेवजह फाइलों को लंबित रखने पर पीडब्ल्यूडी के लिपिक के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई के साथ पटल परिवर्तन का निर्देश दिया। फातमान में निर्माणाधीन शहनाई सम्राट भारत रत्न बिस्मिल्लाह खां मकबरे का निर्माण कार्य 15 दिन में पूरा कराने के लिए पैक्सपेड के अभियंता को निर्देश दिया।
मुख्यमंत्री घोषणा से जुड़ी संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के मुख्य भवन का जीर्णोद्धार कार्य समय से पूरा कराने का निर्देश दिया। सीएंडडीएस को निर्माणाधीन आवासीय योजना की मूलभूत सुविधाएं और पैक्सपेड को करौंदी आईटीआई के निर्माण कार्य को इसी माह में पूरा कराने को कहा। सीडीओ ने सेतु निगम को सरायमोहाना पुल इसी माह के अंत तक और बलुआघाट गंगा पुल को दिसंबर में पूरा कराने को कहा। प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना की क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत कार्य पूरा कराने को कहा।