प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आदर्श गांव जयापुर के ग्राम प्रधान नारायण पटेल की शुक्रवार को हुई गिरफ्तारी के बाद सियासत गरमा गई है। रोहनिया पुलिस ने गांव में 40 दिन पहले हुई मारपीट की घटना में आरोपित ग्राम प्रधान, उनके बेटे राहुल और भतीजे मुकेश को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपियों पर हत्या के प्रयास की धारा 308 बढ़ा दी थी। उधर, ग्राम प्रधान की गिरफ्तारी से नाराज भाजपा जिलाध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा और भाजयुमो के प्रदेश उपाध्यक्ष मनीष कुमार सिंह ने प्रदेश भाजपा अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य को पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया। मौर्य ने कहा कि वे इस मामले में पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारियों से बात करेंगे।
इस पूरे विवाद को चुनावी रंजिश का नतीजा बताया जा रहा है। ग्राम प्रधान के चुनाव में नारायण पटेल ने गांव के ही राजकुमार यादव को कांटे की टक्कर में शिकस्त दी थी। हार के बाद से ही दोनों में तनातनी चल रही थी। बीती 20 मई को पुरानी रंजिश में ही दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। राजकुमार के समर्थक अशोक सिंह ने नारायण पटेल, उनके बेटे राहुल, भतीजे मुकेश एवं परिवार के ही महेंद्र, रिंकू, अभय के खिलाफ मारपीट का मुकदमा रोहनिया थाने में दर्ज कराया था। मामले की जांच जक्खिनी चौकी इंचार्ज सत्येंद्र विक्रम सिंह कर रहे थे।