बकरी चराने गई किशोरी के साथ एक हैवान ने मंगलवार को बलात्कार किया। आरोपी युवक को सजा दिलाने की बजाय गांव के कुछ प्रभावशाली लोग उसे बचाने में लग गए। घटना यूपी के जौनपुर जिले के एक गांव की है।
खुटहन थाना क्षेत्र की सीमा से लगे सिंगरामऊ थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी बालिका मंगलवार को घर से बकरी चराने के लिए गई थी। उसके साथ बस्ती के करीब छह बच्चे भी बकरियां चराने गए थे। बकरियों को चराते हुए वे गोमती नदी के किनारे स्थित खुटहन थाना क्षेत्र के गांव में पहुंच गए।
उसी दौरान खुटहन थाना क्षेत्र के मेढ़ा गांव का एक युवक वहां पहुंचा। उसने किशोरी के साथ मौजूद बच्चों को डांटकर भगा दिया और किशोरी को जबरन उठाकर नदी के किनारे नाले के पास ले गया जहां उसके साथ दुष्कर्म किया।
उसी दौरान नदी से नाव लेकर गुजर रहे मछुआरों ने लड़की की चीख सुनी तो वे मौके पर गए। मछुआरों को देख आरोपी युवक लड़की को छोड़कर फरार हो गया। रोते चिल्लाते किसी तरह किशोरी घर पहुंची और परिजनों से आपबीती सुनाई।
गांव के कुछ प्रभावशाली लोगों ने पंचायत कर मौके पर ही मामले को रफा दफा कराने की कोशिश की। मंगलवार को पंचायत में कोई नतीजा नहीं निकला तो बुधवार को पीड़ित लड़की को लेकर उसकी मां खुटहन थाने पहुंच गई और पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने किशोरी को मेडिकल जांच के लिए भेज दिया।