आगरा। आगरा दिल्ली और झांसी रूट की ट्रेनों में यात्रियों के सामान चोरी और छिनैती करने वाले तीन बदमाशों को जीआरपी कैंट ने गिरफ्तार किया है। उनके पास से जेवरात, छह मोबाइल और नकदी मिली है। सीओ जीआरपी योगेश पाठक ने बताया कि त्योहार के कारण स्टेशन और ट्रेनों में लगातार चेकिंग चल रही है।
बुधवार को थाना प्रभारी आगरा कैंट ने स्टेशन परिसर से संजीव उर्फ संजू निवासी छतरपुर, अभिषेक निवासी उस्मानपुर दिल्ली और मुर्तजा निवासी पुर्णिया बिहार को पकड़ा। पकड़े गए बदमाशों ने आगरा कैंट में दर्ज चोरी के सात मुकदमे दर्ज हैं।
उन्होंने हाल ही में दिल्ली में एक पर्यटक को भी लूटा था। सीओ जीआरपी ने बताया कि इस गैंग के तीन और बदमाश हैं। पूछताछ में पता चला है कि वह भी आगरा दिल्ली के बीच चलने वाली ट्रेनों में वारदातें करते हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है।