जौनपुर नगर कोतवाली पुलिस ने रविवार की रात कटघरा मोहल्ले में स्थित शराब की दूकान के पास मुठभेड़ में ईनामी अपराधी शहनवाज को गिरफ्तार कर लिया। वह इलाहाबाद के करेली थाना क्षेत्र के निहालपुर गांव का निवासी है।
वह 29 जून 2013 को नगर कोतवाली क्षेत्र के मछरहट्टा मोहल्ले में हुई रज्जन पाठक की हत्या और लूट में वांछित बताया जा रहा है। पुलिस ने उस पर 12 हजार का इनाम घोषित किया था। पुलिस अधीक्षक शैलेश पांडेय के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है।
इसी के तहत सीओ सिटी नृपेंद्र के नेतृत्व में रविवार की रात कोतवाल शशिभूषण राय फोर्स के साथ ओलंदगंज में मौजूद थे। तभी कोतवाल को मुखबिर से सूचना मिली कि कटघरा स्थित देशी शराब की दूकान पर दो शातिर बदमाश मौजूद हैं।
सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेरेबंदी की तो बदमाश ने खुद को घिरता देख पुलिस पार्टी पर फायर झोंक दिया। खुद को सुरक्षित करते हुए पुलिस ने एक बदमाश को रात करीब सवा दो बजे गिरफ्तार कर लिया जबकि उसका साथी फरार हो गया।
उसके पास से तमंजा, कारतूस, खोखा आदि बरामद हुआ। पकड़े गए बदमाश ने अपना नाम शहनवाज निवासी निहालपुर थाना करेली इलाहाबाद बताया।