कटरामेदनीगंज। चौराहे के पास चार दुकानों का ताला तोड़कर चोर हजारों रुपये का सामान व नगदी उठा ले गए। इससे व्यापारियों में आक्रोश है। इसके पहले भी बाजार में चोरी की तमाम घटनाएं हो चुकी हैं।
बताया जाता है कि नगर कोतवाली क्षेत्र के कटरामेदनीगंज चौराहे पर 24 घंटे पुलिस की पीकेट रहती है। रविवार रात भी चौराहे पर पुलिसकर्मी मौजूद थे। रात में चोरों ने राज बहादुर सरोज की साइकिल की दुकान का ताला तोड़कर गल्ले से करीब 7 हजार रुपये, एक बैट्री व चिप उठा ले गए। चोर जलील अहमद की चाय पान की दुकान का ताला तोड़कर 5 सौ नकद व सामान चुरा लेकर भाग निकले। इसी तरह चोरों ने पान की दुकान का ताला तोड़ा। गुटखा, सिगरेट समेत हजारो रुपये के अन्य सामान ले गए। चोरों ने बाजार के ही लाल बाबू जायसवाल की दुकान के शटर का ताला तोड़ा, लेकिन भीतर कोल्डड्रिंक का कैरेट रखने के कारण चोर भीतर घुस नहीं सके। जिससे उस दुकान में चोरी नहीं हो सकी। कटरामेदनीगंज बाजार में चोर कैमरे में कैद हो गए। लाल बाबू की दुकान के बाहर सीसीटीवी कैमरा लगा रखा है। चोरी के लिए ताला तोड़ते समय चोरों की करतूत कैमरे में कैद हो गई। चोरों ने रात दो बजकर सात मिनट पर चोरी का प्रयास शुरू किया था।