राष्ट्रीय राजमार्ग दो के किनारे स्थित मिर्जामुराद बाजार में सार्वजनिक धर्मशाला के सामने शनिवार को आईएसआईएस और पाकिस्तान जिंदाबाद लिखे चार पर्चे फेंके हुए मिले। पुलिस इसे शरारती तत्वों की करतूत बता रही है।
वहीं, दोबारा इस तरह के पर्चों की बरामदगी पूरे इलाके में चर्चा का केंद्र बनी रही। बता दें कि बीते 22 मार्च को भी इसी धर्मशाला के सामने आईएसआईएस और पाकिस्तान जिंदाबाद लिखे और धमकी भरे पांच पर्चे फेंके मिले थे।
इन पर्चों पर 24 मार्च को पूर्वांचल में तबाही मचाने की धमकी दी गई थी। सार्वजनिक धर्मशाला के सामने नाले के किनारे चार सफेद कागज शनिवार की सुबह टहलने निकले लोगों को फेंके पड़े दिखे।
चारों पर आईएसआईएस, पाकिस्तान जिंदाबाद...युवाओं को रोजगार दो...786... नीले और लाल रंग के बाल पेन से लिखा हुआ था। जानकारी के वाट्सएप पर वायरल होने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची।
धर्मशाला के आसपास रहने वालों, दूकानदारों से पूछताछ की गई लेकिन कोई सुराग नहीं लग सका। मिर्जामुराद थानाध्यक्ष बताया कि यह इलाके के ही किसी शरारती व्यक्ति की करतूत है।
बीते 22 मार्च को मिले धमकी भरे पर्चों के मामले में अज्ञात के खिलाफ दर्ज मुकदमे के आधार पर तफ्तीश की जा रही है। उधर, इस संबंध में एडीजी लॉ एंड आर्डर आदित्य मिश्रा ने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था के लिहाज से वाराणसी संवेदनशील जिला है। अधिकारियों से कहा गया है कि गंभीरता से मामले की तफ्तीश कराएं।