कच्ची उम्र का प्यार और परिजनों का विरोध नाबलिग प्रेमी युगल पर भारी पड़ गया। दोनों ने अगले जन्म में मिलने का वादा कर ट्रेन के सामने कूद कर अपनी जीवन लीला समाप्त कर दी। उम्र भले ही कच्ची थी, लेकिन दोनों का प्यार पक्का था। पारिवारिक स्थिति अलग-अलग थी, पर इससे मतलब नहीं था।
परिवार भले ही एक नहीं थे, लेकिन उनका मेल जोल गहरा था। लड़का किसी और गांव का था लड़की किसी और गांव की। गाजीपुर जिले के बंजारीपुर गांव में शुक्रवार को हुई इस घटना के बाद कोहराम मचा हुआ है।
बताया जा रहा है कि लड़के का इसी गांव में ननिहाल है। गांव वाले भी इस घटना से हतप्रभ हैं। बताया जा रहा है कि ऐसा करने के पीछे दोनों के बेइंतहा मोहब्बत में परिवार का रोड़ा बनना है। घटना की सूचना ग्रामीणों ने घर वालों के साथ ही पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
ग्रामीणों में इस बात को लेकर काफी चर्चा रही कि दोनों में काफी समय से प्रेम-प्रपंच चल रहा था और दोनों एक साथ जीवन गुजारने के लिए शादी करना चाहते थे। जब दोनों के परिजन इसके लिए तैयार नहीं हुए, तो उन्होंने कठोर निर्णय लेते हुए अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। नाबालिग जोड़े की मौत की खबर शुक्रवार सुबह लोगों को मिली जब कुछ लोग रेलवे ट्रैक की ओर सैर के लिए गए थे।
प्रत्यक्षदर्शियों की माने तो दोनों थोड़ी देर पहले वहां से गुजरी मालगाड़ी के सामने कूद कर आत्महत्या कर लिए थे। युवक-युवती के शव मिलने की सूचना पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। जानकारी होते ही परिजन घटना स्थल पर पहुंच गए। मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने दोनों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना को लेकर ग्रामीण आपस में चर्चा कर रहे थे कि युवक का अक्सर ननिहाल में आना-जाना लगा रहता था।
इसी बीच उसका गांव की ही एक युवती से प्रेम हो गया। दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन दोनों के घर वाले इसके लिए तैयार नहीं थे। इसी क्रम में मृत युवक बीते 11 मई को अपने ननिहाल बंजारीपुर आया हुआ था।
परिवार एवं समाज की बंदिशों के देखते हुए दोनों ने अगले जन्म में मिलने का वादा कर एक साथ मौत को गले लगाने का कठोर निर्णय ले लिया और मालगाड़ी के सामने कूदकर जान दे दी। उधर घटना से जानकारी जब दोनों परिवार के लोगों को हुई तो दोनों घर में रूदन-क्रंदन शुरू हो गया।