वाराणसी के एक गांव में मंगलवार की रात आलू की भुजिया न बनाने पर एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी। घटना रोहनिया थाना क्षेत्र के परशूपुर की है। परशूपुर में मंगलवार की रात आलू की भुजिया न बनाने पर शराब के नशे में धुत रंजीत ने अपनी पत्नी आशा (30) की हत्या कर दी।
इलाकाई लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने झारखंड के गुमला के मूल निवासी रंजीत को गिरफ्तार कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वारदात में प्रयुक्त ईंट को बरामद कर पुलिस ने रंजीत को जेल भेज दिया।
ईंट-भट्ठा पर काम करने वाला रंजीत, पत्नी आशा, दो बेटे और एक बेटी के साथ पिछले कई सालों से परशूपुर गांव में रहता था। बताया जाता है कि मंगलवार की रात वह शराब के नशे में घर पहुंचा और खाना में आलू की भुजिया बनाने को लेकर पत्नी आशा से विवाद शुरू कर दिया।
बात बढ़ी तो रंजीत ने पहले लात-घूसों से उसकी पिटाई की और फिर सिर पर ईंट से वार किया। आशा अचेत हुई तो रंजीत के होश उड़ गए। आननफानन में आशा को लेकर वह बीएचयू स्थित सर सुंदरलाल अस्पताल पहुंचा लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी तो वापस घर लौट गया।
बुधवार की सुबह आसपास के लोगों को जानकारी हुई तो सूचना पुलिस को दी। उधर, आशा के तीनों बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल था। वहीं, आसपास के लोगों का कहना था कि मां गुजर गई और पिता जेल चला गया, तीनों बच्चों का कैसे पालन-पोषण होगा।
मासूम विमल ने बताई पिता की क्रूरता
रंजीत की क्रूरता के बारे में उसके बेटे विमल ने पुलिस और आसपास के लोगों को बताया। विमल ने बताया कि उसकी मां को उसका पिता अकसर मारता-पीटता था।
मंगलवार की रात भी भुजिया बनाने के बाद पिता ने पहले उसकी मां को जमकर मारापीटा और फिर सिर पर ईंट से मारा। विमल, उसके भाई और बहन का रोना देख आसपास के लोगों की भी आंखें भर आ रही थी।