वाराणसी/चोलापुर। कैंट थाना क्षेत्र के सुदामा नगर कॉलोनी में बुधवार की रात चोरों ने हरहुआ ब्लाक के ग्राम पंचायत अधिकारी प्रमोद पाठक के घर को खंगाल दिया। चोर नगदी समेत करीब एक लाख का सामान ले गए। चोरी की सूचना पुलिस को दी गई है। वहीं, चोलापुर में एक दूकान में सेंध मारकर हजारों रुपये का सामान समेट ले गए।
चौबेपुर के नारायणपुर गांव के रहने वाले प्रमोद पाठक लालपुर स्थित सुदामा नगर कॉलोनी में मकान बनवा कर परिवार के साथ रहते हैं। दो दिन पहले वह परिवार के साथ कहीं गए थे। गुरुवार की सुबह उनके पड़ोसी ने बाहर से देखा तो घर के सभी दरवाजे खुले थे। उनकी जानकारी मिलने पर दस बजे प्रमोद घर पहुंचे। चोर छत के रास्ते सीढ़ी के दरवाजे को तोड़ते हुए अंदर घुसे थे।
आलमारी तोड़कर उसमें रखी एक सोने की चेन, चार अंगूठियां, एक बाली और नगदी समेत करीब एक लाख का सामान ले गए। दूसरी घटना चोलापुर के गोसाईंपुर मोहांव की है। यहां शिवकुमार विश्वकर्मा की मारुति इलेक्ट्रिक नाम की दूकान है। रात में सेंध मारकर घुसे चोर इन्वर्टर, बैट्री, एक टीवी, चार पंखे और पांच हजार रुपये समेट ले गए।
इसी तरह तेवर गांव के पास रात में चोर चार ट्रकों की बैट्री खोल ले गए। सभी ट्रक सुल्तानपुर निवासी ज्ञानेश्वर सिंह के हैं। इनका इस्तेमाल रिंग रोड निर्माण में किया जा रहा है। थाने में शिकायत की गई है।