बर्रा के फत्तेपुर गोही में गुरुवार सुबह मजदूर जगदीश रैदास (50) का शव घर के पास ही खेत पर पड़ा मिला। जगदीश का सिर खेत पर बने कुलाबा (पानी लगाने वाली नाली) में धंसा हुआ था।
उसकी चप्पलें इस तरह पड़ी थीं जैसे किसी ने उसे उतारा हो। मौके की स्थिति देखकर परिवारीजनों ने हत्या का आरोप लगाकर हंगामा किया। वहीं पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक डूबने से मौत हुई है। पास में ही कच्ची शराब की खाली बोतल देखकर पुलिस भी अनुमान लगा रही है कि शराब पीने के बाद जगदीश कुलाबे में गिर गया होगा और मौत हो गई।
पुलिस को पत्नी फूलमती ने बताया कि जगदीश बुधवार की रात घर से निकले थे। इसके बाद गुरुवार सुबह उनके शव मिलने की जानकारी हुई। ग्रामीणों का कहना है कि पास ही स्थित मजरा एकघरा में कच्ची जहरीली शराब उतरती है। हो सकता है उसके पीने से ही जगदीश की मौत हुई हो। थानाध्यक्ष तुलसीराम का कहना है कि फिलहाल अभी तक तहरीर नहीं मिली है।